देश के *80वें स्वतंत्रता दिवस* के अवसर पर लखनऊ के हजरतगंज स्थित *अमजद अली शाह मकबरा रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी* में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। सोसाइटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गायन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों और महिलाओं ने "वंदे मातरम", "सारे जहां से अच्छा" जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। सोसाइटी के बुजुर्गों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करते हुए आजादी के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन *मेजर राजीव श्रीवास्तव* द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त हमें उन शहीदों की कुर्बानी की याद दिलाता है जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। आज हमें एकजुट होकर विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना है। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह हमें देश सेवा, एकता और भाईचारे का संदेश देता है। सभी ने शपथ ली कि वे समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
इस मौके पर सोसाइटी के *उपाध्यक्ष सरिता वोहरा, सचिव प्रोफेसर अमिता डेविड, कोषाध्यक्ष अनिल बोजमैन, मधु भार्गव, बीना अरोड़ा, अजय अरोड़ा,* सहित अमजद अली शाह मकबरा रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के समस्त निवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मिठाइयां वितरित की गईं।


Comments