नवयुग पब्लिक स्कूल, आलमबाग में आयोजित रोबोफेस्ट 2026 ने विद्यालय परिसर को नवाचार, विज्ञान और तकनीकी कौशल के अद्भुत संगम में परिवर्तित कर दिया। कार्यक्रम का थीम था — “Innovation for Viksit Bharat – A Robotics Showcase by Young Innovators”, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, माननीय श्रम आयुक्त श्री निशांक पी. चौबे द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं रोबोटिक्स से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के निदेशक श्री हेमंत दयाल एवं संरक्षिका मैडम सुश्री गीता के कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। उनकी दूरदर्शी सोच और नेतृत्व ने इस आयोजन को एक नई ऊँचाई प्रदान की।
इस अवसर पर बीपीसीएल अधिकारी श्री नंदन पाल सिंह ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई तथा विद्यार्थियों की तकनीकी समझ, प्रस्तुति कौशल और आत्मविश्वास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यार्थियों के अभिनव प्रयासों को सराहा।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अत्याधुनिक मिसाइल रडार प्रोजेक्ट रहा, जिसने सभी अतिथियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। विशेष बात यह रही कि कक्षा 1 के विद्यार्थियों ने भी रोबोटिक्स प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए, जिससे स्पष्ट हुआ कि नवयुग पब्लिक स्कूल में नवाचार की शुरुआत प्रारंभिक स्तर से ही की जाती है। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट्स की कार्यप्रणाली को आत्मविश्वास के साथ समझाया। प्रत्येक मॉडल के साथ विशेष रूप से तैयार किए गए QR कोड लगाए गए थे, जिनके माध्यम से आगंतुक विस्तृत तकनीकी जानकारी प्राप्त कर सके — यह आधुनिक तकनीक और प्रस्तुति का उत्कृष्ट समन्वय था।
इस भव्य आयोजन की सफलता में विद्यालय के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। अभिमन्यु सर, रुखसार मैडम एवं रविशा मैडम ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए अथक परिश्रम किया और कार्यक्रम को सफल बनाया।
रोबोफेस्ट 2026 ने यह सिद्ध किया कि नवयुग पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना से सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह आयोजन विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम सिद्ध हुआ।


Comments