लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने लखनऊ जनपद के थाना काकोरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दोना, मजरा मुसीबत खेड़ा निवासी दलित समाज के युवा दिलीप रावत की कथित निर्मम हत्या पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है। पार्टी ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद एवं निंदनीय है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है तथा कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं।
जमुई सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी माननीय अरुण भारती जी के निर्देश पर राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र कुमार मुन्ना जी, मध्य प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द पासवान जी, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्वनी श्रीवास्तव जी, प्रदेश उपाध्यक्ष पीयूष सोमानी जी, प्रदेश महासचिव एवं मीडिया प्रभारी लोकेश श्रीवास्तव जी, प्रदेश महासचिव शारदा श्रीवास्तव जी, लखनऊ मण्डल प्रभारी वेद प्रकाश जी, लखनऊ जिला अध्यक्ष नरेन्द्र पासवान जी, पूर्वी प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी जी तथा महानगर अध्यक्ष प्रवीण मिश्रा जी ने घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय मिलने तक हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
परिजनों के अनुसार 8 जुलाई को कथित रूप से लूट के उद्देश्य से मुन्ना पुत्र हैदर ने गला घोंटकर हत्या की। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना प्राप्त हुई है। अरुण भारती जी ने प्रशासन से निष्पक्ष एवं गहन जांच, सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा फास्ट ट्रैक न्यायालय में सुनवाई कर कठोर दंड सुनिश्चित करने की मांग की।
पार्टी ने उत्तर प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जांच में लापरवाही हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जनआंदोलन करेगी। पार्टी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

Comments