दयानंद इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस, विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखाया हुनर
विश्व फार्मासिस्ट दिवस के पावन अवसर पर दयानंद इंटर कॉलेज में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने विज्ञान एवं फार्मेसी से संबंधित आकर्षक मॉडल, पोस्टर एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. अमेरिका सिंह, पूर्व कुलपति, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर एवं चेयरमैन, उत्तर प्रदेश फार्मेसी कॉलेजेस एवं फार्मा इंडस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन, लखनऊ रहे।
उनके साथ एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी श्री दुर्गेश मणि त्रिपाठी जी ऑनलाइन मोड में जुड़े रहे।
कार्यक्रम में प्रो. अमेरिका सिंह के साथ कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री राम उजागर शुक्ला जी, वरिष्ठ शिक्षक श्री सूरज शुक्ला जी एवं श्री प्रशांत तिवारी जी ने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्रों द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट की भूरि-भूरि सराहना की।
मुख्य अतिथि प्रो. अमेरिका सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा -
"विश्व फार्मासिस्ट दिवस की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आज दयानंद इंटर कॉलेज के बच्चों ने विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से जो प्रतिभा दिखाई है, वह अत्यंत सराहनीय है। फार्मेसी का सीधा संबंध विज्ञान से है। आप ही भविष्य के फार्मासिस्ट हैं। फार्मेसी में अपार संभावनाएं हैं। कोरोना काल में फार्मासिस्टों ने जो सेवा की है, उसे देश कभी नहीं भूल सकता।"
ऑनलाइन जुड़े जनरल सेक्रेटरी श्री दुर्गेश मणि त्रिपाठी जी ने अपने वक्तव्य में कहा -
"विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के समस्त फार्मेसी संस्थानों, शिक्षकों, छात्रों एवं फार्मासिस्ट बंधुओं को हार्दिक बधाई। एसोसिएशन सदैव फार्मेसी शिक्षा को बढ़ावा देने एवं फार्मा इंडस्ट्री से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।"
प्रधानाचार्य श्री राम उजागर शुक्ला जी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

Comments